शारदा समूह की 66 संपत्तियां होंगी नीलाम, जानिये सेबी की यह बड़ी घोषणा

डीएन ब्यूरो

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) शारदा समूह की 66 संपत्तियों की नीलामी 11 अप्रैल को करेगा। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

शारदा समूह की 66 संपत्तियों की नीलामी करेगा सेबी
शारदा समूह की 66 संपत्तियों की नीलामी करेगा सेबी


नयी दिल्ली: भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) शारदा समूह की 66 संपत्तियों की नीलामी 11 अप्रैल को करेगा। कंपनी ने अवैध योजनाओं के जरिए जनता से जो पैसा जुटाया था, उसकी वसूली के लिए इन संपत्तियों की नीलामी कुल 32 करोड़ रुपये के आरक्षित मूल्य पर की जाएगी।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार बाजार नियामक सेबी ने सोमवार को एक नोटिस में कहा कि नीलामी वाली संपत्तियों में पश्चिम बंगाल स्थित भूखंड भी शामिल हैं। उसने बताया कि 11 अप्रैल को सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे के बीच ई-नीलामी का आयोजन किया जाएगा।

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने जून 2022 में एक आदेश जारी किया था जिसमें उसने सेबी को शारदा समूह की कंपनियों की संपत्तियों की नीलामी का निर्देश दिया था। इसी क्रम में यह नीलामी की जा रही है।

शारदा समूह 239 निजी कंपनियों का समूह है। समूह ने पश्चिम बंगाल, असम तथा ओडिशा में कथित चिटफंड योजनाएं चलाई और इनके जरिए 17 लाख जमाकर्ताओं से 4,000 करोड़ रुपये जुटाए। अप्रैल 2013 में यह समूह ठप पड़ गया।










संबंधित समाचार