अस्पताल में 3 और मरीजों की मौत, मृतकों की संख्या पहुंची 21, जानिये इस मामले पर ये बड़े अपडेट

डीएन ब्यूरो

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कलवा में नगर निगम द्वारा संचालित छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में तीन और मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ ही शनिवार से अब तक मरने वालों की संख्या 21 हो गई है, जबकि अधिकारियों ने उन मरीजों को छुट्टी देना शुरू कर दिया है जो गंभीर स्थिति में नहीं हैं। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में मुख्यमंत्री ने दौरा किया
छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में मुख्यमंत्री ने दौरा किया


ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कलवा में नगर निगम द्वारा संचालित छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में तीन और मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ ही शनिवार से अब तक मरने वालों की संख्या 21 हो गई है, जबकि अधिकारियों ने उन मरीजों को छुट्टी देना शुरू कर दिया है जो गंभीर स्थिति में नहीं हैं। 

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने  ठाणे के कलवा में छत्रपति शिवाजी महाराज (सीएसएम) अस्पताल का दौरा किया।

उन्होंने ठाणे जिले के ग्रामीण हिस्सों से आने वाले मरीजों के इलाज के लिए विभिन्न सुविधाओं के निर्माण के लिए 71 करोड़ रुपये की घोषणा की और मौतों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई का वादा किया।

ठाणे के निगम आयुक्त अभिजीत बांगर और जिला कलेक्टर अशोक शिंगारे के साथ पहुंचे मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि उनके राजनीतिक क्षेत्र ठाणे में स्थित सीएसएम अस्पताल में मरीजों की मौत दर्दनाक है और सभी दलों को इस मुद्दे पर राजनीति करने से बचना चाहिए।

ठाणे के अतिरिक्त नगर आयुक्त (स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभारी) संदीप मालवी ने कहा कि सोमवार सुबह 24 घंटे की अवधि में तीन और मरीजों की मौत हो गई, जबकि एक मरीज को मृत लाया गया था।

हालांकि, उन्होंने उनकी मौत के कारणों का खुलासा नहीं किया।

मालवी ने कहा कि अस्पताल में पिछले 24 घंटों में मौतों की संख्या में कमी आई है।

इसी बीच शिंदे ने अस्पताल का दौरा कर वहां मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अस्पताल की बिस्तर क्षमता 366 थी और इसमें जल्द ही 100 और बिस्तर बढ़ाए जाएंगे। कलवा अस्पताल की बिस्तर क्षमता भी बढ़ाई जाएगी। मौतों की जांच के लिए गठित एक समिति 25 अगस्त तक अपनी रिपोर्ट देगी।’’










संबंधित समाचार