लोकसभा चुनाव 2019: अंतिम चरण का मतदान शुरू

डीएन ब्यूरो

लोकसभा चुनाव के सातवें एवं अंतिम चरण में रविवार को सात राज्यों और एक केन्द्र शासित प्रदेश की 59 सीटों पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया।

मतदान के लिए लाइन में खड़े मतदाता
मतदान के लिए लाइन में खड़े मतदाता


नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव के सातवें एवं अंतिम चरण में रविवार को सात राज्यों और एक केन्द्र शासित प्रदेश की 59 सीटों पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया। इस चरण में उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल सहित आठ राज्यों की 59 लोकसभा सीटों पर वोटिंग शुरू हो चुकी। पिछले छह चरण के चुनाव में 543 लोकसभा सीटों में से अब तक 484 सीटों पर मतदान हो चुका है।

कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदातान होगा। सातवें चरण में पंजाब और उत्तर प्रदेश की 13-13, बिहार और मध्य प्रदेश की आठ-आठ, पश्चिम बंगाल की नौ, हिमाचल प्रदेश की चार, झारखंड की तीन और चंडीगढ़ सीट पर मतदान जारी है।

सबसे ऊंचे मतदान केन्द्र हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति जिले में टशीगंग में भी मतदान की सभी तैयारियां शनिवार को दिन में ही पूरी कर ली गयीं थी। मंडी संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाला यह मतदान केन्द्र 15256 फुट की ऊंचाई पर स्थित है। इस केन्द्र पर हेलिकॉप्टर से ईवीएम पहुंचाई गयी थीं। इस क्षेत्र में तापमान शून्य से कम डिग्री पर भी पहुंच जाता है।

चुनाव आयोग ने स्वतंत्र तथा निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये हैं। मतदान केन्द्रों के पास सुरक्षा व्यवस्था के चाक-चौबंद इंतजाम किये गये हैं जबकि संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर केन्द्रीय बलों की अतिरिक्त तैनाती की गयी है। पश्चिम बंगाल में हिंसा की घटनाओं को देखते हुए विशेष सुरक्षा इंतजाम किये गये हैं।

 

इस चरण में 11 लाख दो हजार 986 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। दस करोड़ से अधिक मतदाताओं में से चार करोड़ 74 लाख 56 हजार 828 महिला मतदाता हैं जबकि पुरुष मतदाओं की संख्या पांच करोड़ 27 लाख 14 हजार 890 है। किन्‍नर मतदाताओं की संख्या 3435 है।

अंतिम चरण में सात राज्यों बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश तथा केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में मतदान होना है। उत्तर प्रदेश और पंजाब की 13-13 सीटों, पश्चिम बंगाल की नौ, बिहार और मध्य प्रदेश की आठ-आठ, हिमाचल प्रदेश की चार, झारखंड की तीन सीटों और चंढीगढ़ की एक सीट पर मतदान होगा।

इस चरण में 10 करोड़ एक लाख 75 हजार मतदाता 918 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करेंगे। इनमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, हरसिमत कौर बादल, हरदीप पुरी, मनोज सिन्हा, आर के सिंह, शत्रुघ्न सिन्हा, अनुराग ठाकुर, बीबी जागीर कौर, पवन बंसल, किरण खेर, मीसा भारती, सनी देओल, शिबू शोरेन, भाकपा नेता अतुल कुमार अंजान, महेन्द्र नाथ पांडे और अनुप्रिया पटेल समेत कई प्रमुख नेता शामिल हैं।

वाराणसी सीट पर मोदी का मुकाबला कांग्रेस के अजय राय और समाजवादी पार्टी की शालिनी यादव से है। बिहार की पाटलिपुत्र सीट पर केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और कांग्रेस के शत्रुघ्न सिन्हा के बीच मुकाबला है जिस पर लोगों की खास नजर है।










संबंधित समाचार