Weather Alert: यूपी समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड, ये शहर रहा सबसे ठंडा, जानिये मौसम का हाल

डीएन ब्यूरो

उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा समेत उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार को कड़ाके की ठंड रही और कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

प्रतीकात्मक चित्र
प्रतीकात्मक चित्र


चंडीगढ़: उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा समेत उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार को कड़ाके की ठंड रही और कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मौसम बुलेटिन के अनुसार, हरियाणा में हिसार सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रहा। बुलेटिन के अनुसार, पंजाब में सबसे कम न्यूनतम तापमान अमृतसर में 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बुलेटिन में कहा गया कि दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में भी भीषण ठंड देखने को मिली, जहां न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दोनों राज्यों में अधिकांश स्थानों पर सुबह कोहरे के कारण दृश्यता का स्तर कम रहा। पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से क्षेत्र में सुबह के समय कोहरा का प्रभाव देखने को मिल रहा है।

हरियाणा में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहने के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। नारनौल में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, फतेहाबाद, झज्जर, अंबाला और करनाल में भी लोगों को सर्द रात का अनुभव हुआ, जहां न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.4 डिग्री सेल्सियस, छह डिग्री सेल्सियस, 6.4 डिग्री सेल्सियस और 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब के फरीदकोट, बठिंडा, लुधियाना और गुरदासपुर में भी लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। जहां न्यूनतम तापमान क्रमशः 5.5 डिग्री सेल्सियस, 5.6 डिग्री सेल्सियस, 5.9 डिग्री सेल्सियस और छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।










संबंधित समाचार