Madhya Pradesh: शादी में हर्ष फायरिंग से नाबालिग लड़के की मौत, मचा हड़कंप

डीएन ब्यूरो

मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में एक विवाह समारोह में बंदूक से हर्ष फायर करने के कारण 15 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को दी।

हर्ष फायरिंग (फ़ाइल)
हर्ष फायरिंग (फ़ाइल)


ग्वालियर: मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में एक विवाह समारोह में बंदूक से हर्ष फायर करने के कारण 15 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना जनकगंज इलाके स्थित हरे शिव मैरिज गार्डन में शनिवार-रविवार की रात को हुई।

जनकगंद पुलिस थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि शनिवार को आंतरी गांव से यादव परिवार की बारात जनकगंज इलाके में स्थित हरे शिव मैरिज गार्डन में आई थी। उन्होंने बताया कि यहां रात को करीब एक बजे जैसे ही बारात दरवाजे पर पहुंची, वहां पर एक व्यक्ति ने बंदूक से हर्ष फायर किया।

उन्होंने कहा, ‘‘बंदूक से निकली गोली वहां खड़े एक लड़के प्रियांशु यादव (15) को लगी, जिससे इसमें उसकी मौत हो गई।’’

परिहार ने बताया कि मौत के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

उन्होंने कहा कि यह हर्ष फायर बारात के साथ आए राजेश यादव ने किया था, जो मृत लड़के का चाचा बताया जा रहा है।

परिहार ने बताया कि इस मामले में आरोपी राजेश की तलाश के साथ उस बंदूक को भी खोजा जा रहा है, जिससे फायर किया गया था।










संबंधित समाचार