Crime News: भाजपा कार्यकर्ता की हत्या मामले में बड़ा अपडेट, पति गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

डीएन ब्यूरो

मध्य प्रदेश के जबलपुर में पुलिस ने 37 वर्षीय एक व्यक्ति को अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पत्नी महाराष्ट्र के नागपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कार्यकर्ता थी। पढ़िये पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर

फाइल फोटो
फाइल फोटो


जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर में पुलिस ने 37 वर्षीय एक व्यक्ति को अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पत्नी महाराष्ट्र के नागपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कार्यकर्ता थी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने डाइनामाइट न्यूज़ को बताया कि शुक्रवार को यहां गोराबाजार इलाके से अमित साहू उर्फ पप्पू (37) को धन और व्यक्तिगत मुद्दों को लेकर अपनी पत्नी सना खान की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया।उन्होंने बताया कि पूछताछ करने पर साहू ने अपना गुनाह कबूल किया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी ने अपने घर में पत्नी की हत्या कर दी और शव को बेलखेड़ा थाना क्षेत्र के मेरेगांव गांव के पास हिरन नदी में फेंक दिया।

उन्होंने बताया कि नदी और आसपास के इलाकों में महिला के शव की तलाश की जा रही है।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने अपने एक साथी का नाम भी बताया जो घटना के दौरान मौजूद था, अब उस व्यक्ति की तलाश जारी है।

मौर्य ने बताया कि आरोपी एक ढाबा चलाता है। उन्होंने बताया कि नागपुर पुलिस ने एक अगस्त को मामला दर्ज किया था और महिला के आखिरी बार यहां एक घर में मिलने के बाद वह उसकी तलाश में चार अगस्त को जबलपुर आई थी।

उन्होंने कहा कि जबलपुर और नागपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से घर की तलाशी ली और उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की गई।

नागपुर पुलिस ने पहले कहा था कि 34 वर्षीय खान नागपुर में भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ में पदाधिकारी थी।

शुक्रवार को, नागपुर पुलिस ने कहा कि आरोपी साहू ने खान की हत्या करने की बात कबूल कर ली है। खान पिछले सप्ताह लापता हो गई थी। साहू ने जांचकर्ताओं को हत्या का स्थान भी दिखाया।

नागपुर पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि साहू और दो अन्य को शुक्रवार को जबलपुर में गिरफ्तार किया गया और नागपुर लाया गया, जहां उसे शनिवार को एक अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि नागपुर के अवस्थी नगर की रहने वाली खान की मां मेहरुनिशा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी साहू से मिलने के लिए एक अगस्त को जबलपुर जाने के बाद लापता हो गई है।

उन्होंने कहा कि मेहरुनिशा की शिकायत के आधार पर, साहू के खिलाफ मनकापुर पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।










संबंधित समाचार