ओडिशा में राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता होने कारण दो गुटों के बीच झड़प, कई लोग घायल

डीएन ब्यूरो

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के एक गांव में शुक्रवार तड़के दो समूहों के बीच हुई झड़प में कई लोग घायल हो गए। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता होने कारण दो गुटों के बीच झड़प (प्रतीकात्मक छवि)
राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता होने कारण दो गुटों के बीच झड़प (प्रतीकात्मक छवि)


भुवनेश्वर: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के एक गांव में शुक्रवार तड़के दो समूहों के बीच हुई झड़प में कई लोग घायल हो गए। 

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक स्थिति को शांतिपूर्ण एवं सामान्य बनाने के लिए मंचेश्वर पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव में पुलिस की दो प्लाटून (पुलिस की टुकड़ी जिसमें 60 पुलिसकर्मी होते हैं) तैनात की गयी हैं।

गांव के दो वार्ड के लोगों के बीच हुई इस मारपीट में कई लोग घायल हो गये। हालांकि, झड़प के पीछे का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस को हिंसा के पीछे राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता होने का संदेह है।

पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों के दो गुटों में पिछले पंचायत चुनाव के बाद से ही राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता चल रही थी। इसी के परिणामस्वरूप शुक्रवार तड़के दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर पथराव और बोतलें फेंकना शुरू कर दिया। झड़प में कुछ घर भी क्षतिग्रस्त हो गये।

भुवनेश्वर के जोन-5 के सहायक पुलिस आयुक्त गौतम किसान ने कहा, ‘‘ इस घटना की सूचना मिलने के बाद हम मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में दो प्लाटून पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थिति अब नियंत्रण में है।’’

इस साल, एक सितंबर को गांव में इसी तरह दो गुटों के बीच हुई झड़प में 10 से अधिक लोग घायल हो गए थे।










संबंधित समाचार