Site icon Hindi Dynamite News

हरियाली तीज 2025: सजावट से बढ़ाएं त्योहार की रौनक, जानिए कुछ खास और आसान टिप्स

हरियाली तीज का पर्व सावन के महीने में मनाया जाता है और यह महिलाओं के लिए खास महत्व रखता है। इस दिन महिलाएं व्रत रखती हैं और घर को पारंपरिक तरीके से सजाकर त्योहार की रौनक बढ़ाती हैं। जानिए घर सजाने के कुछ आसान और सुंदर तरीके।
Post Published By: Nidhi Kushwaha
Published:
हरियाली तीज 2025: सजावट से बढ़ाएं त्योहार की रौनक, जानिए कुछ खास और आसान टिप्स

New Delhi: हरियाली तीज का त्योहार महिलाओं के लिए बेहद खास होता है। सावन के महीने में मनाया जाने वाला यह पर्व न केवल भक्ति और श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि इसका जुड़ाव प्रकृति से भी है। भगवान शिव और माता पार्वती के पुनर्मिलन की स्मृति में मनाया जाने वाला यह पर्व हरियाली और उमंग से भरा होता है। इस दिन महिलाएं व्रत रखती हैं और अपने पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं। ऐसे में घर की सजावट भी त्योहार की सुंदरता को और खास बना देती है। आइए जानते हैं कुछ पारंपरिक और आकर्षक सजावट के टिप्स, जो आपके घर को तीज के रंग में रंग देंगे।

फूलों और पत्तों से करें स्वागत

हरियाली तीज का नाम ही हरियाली से जुड़ा है, इसलिए सजावट में ताजे फूलों और पत्तियों का उपयोग करना बेहद जरूरी है। आम के पत्तों और गेंदे के फूलों से बना तोरण मुख्य दरवाजे पर लगाएं। यह न सिर्फ शुभ होता है, बल्कि देखने में भी बेहद आकर्षक लगता है। इसके अलावा आंगन या प्रवेश द्वार पर रंगोली बनाकर उसमें ताजे फूलों का प्रयोग करें। गुलाब, गेंदा और बेलपत्र से बनी रंगोली पारंपरिक लुक देगी।

फेयरी लाइट्स और दीयों से जगमगाएं घर

रोशनी किसी भी सजावट में जान डाल देती है। हरियाली तीज के अवसर पर फेयरी लाइट्स का उपयोग करें, खासकर खिड़कियों, झूले या बालकनी में। साथ ही घर के कोनों में मिट्टी के दीए और छोटी मोमबत्तियां रखें, जिससे घर में पारंपरिक माहौल के साथ-साथ पॉजिटिव एनर्जी भी बनी रहे।

रंग-बिरंगी चुनरियों से बढ़ाएं रंगत

तीज का त्योहार रंग-बिरंगे वस्त्रों और चुनरियों का प्रतीक है। घर में सजावट के लिए पुरानी चुनरियों या दुपट्टों का उपयोग करें। इन्हें पर्दों की तरह या झूले पर सजाकर पारंपरिक लुक दिया जा सकता है। हरे और लाल रंग के कपड़ों का प्रयोग इस दिन शुभ माना जाता है।

झूले को बनाएं सजावट का केंद्र

हरियाली तीज पर झूला झूलने की परंपरा है। अगर आपके घर में झूला है, तो उसे रंग-बिरंगे कपड़ों, फूलों की माला और लाइट्स से सजाएं। अगर झूला उपलब्ध नहीं है, तो एक छोटा डेकोरेटिव झूला कमरे में रखकर भी पारंपरिक माहौल बना सकती हैं। यह बच्चों और मेहमानों दोनों को आकर्षित करेगा।

छोटे पौधों से लाएं हरियाली

घर में छोटे-छोटे हरे पौधे और फूलों के गमले रखने से वातावरण न केवल सुंदर बल्कि ताजगी भरा भी हो जाता है। आप इन पौधों को दरवाजे, खिड़कियों या ड्रॉइंग रूम में रख सकते हैं। यह न केवल सजावट को बढ़ाता है, बल्कि सकारात्मक ऊर्जा भी देता है।

हरियाली तीज नारी शक्ति, प्रकृति प्रेम और पारंपरिक संस्कृति का उत्सव है। इन आसान और सस्ते सजावट उपायों से आप अपने घर को त्योहार के रंग में रंग सकती हैं और इस खास दिन को और भी यादगार बना सकती हैं।

Exit mobile version