
दक्षिण अफ्रीका बना विश्व चैंपियन
नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025 का फाइनल मैच जीतकर 27 साल बाद ICC ट्रॉफी अपने नाम की। टीम ने टेम्बा बावुमा की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया, डाइनामाइट न्यूज संवाददाता की रिपोर्ट।
जीत के बाद भावुक हुए टेम्बा बावुमा
जीत के बाद कप्तान टेम्बा बावुमा ने इसे बेहद खास दिन बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें यहां काफी समर्थन मिला, जिससे उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे वह अपने देश दक्षिण अफ्रीका में हैं। उन्होंने कहा कि यह पल उनकी टीम के लिए बेहद खास है, और वह इस जीत को अपने देशवासियों को समर्पित करते हैं।
'हमने कई बार हार का सामना किया है'
बावुमा ने आगे कहा कि उनकी टीम ने लगातार कड़ी मेहनत की, हालांकि कई बार उन्हें हार और निराशा का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि अपने पूर्व खिलाड़ियों के चेहरों पर जो निराशा उन्होंने देखी, वह उन्हें प्रेरित करती रही। लेकिन अब जीत का सूरज उनके साथ है और उन्हें उम्मीद है कि भविष्य में भी उनकी झोली में कई ट्रॉफियां आएंगी। फाइनल जीतने के बाद भी बावुमा शांत रहे और अपनी टीम के लिए तालियां बजाते रहे।
देश में जश्न का माहौल
बावुमा ने एडेन मार्करम की शानदार पारी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि आंकड़े मायने रखते हैं, लेकिन प्रदर्शन उससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण है और मार्करम ने शानदार खेल दिखाया। बावुमा ने कहा कि कई लोग थे जिन्होंने उनकी टीम द्वारा चुने गए रास्ते पर सवाल उठाए थे, लेकिन आज की जीत ने सभी को जवाब दे दिया। उन्हें पूरा भरोसा है कि अब उनके देश में जीत का जश्न बड़े उत्साह के साथ मनाया जाएगा।
Location : New Delhi
Published : 14 June 2025, 7:46 PM IST
Topics : Autralia Lords South Africa Test Championship test match