महाराष्ट्र: भिवंडी में गोदाम ढहने से दो लोगों की मौत, 10 घायल

डीएन ब्यूरो

महाराष्ट्र में ठाणे जिले के भिवंडी में शनिवार को दो मंजिला गोदाम ढहने के कारण दो लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। मलबे में 10-15 लोगों के फंसे होने की आशंका है। नगर निकाय के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

भिवंडी में गोदाम ढहने से दो लोगों की मौत (फ़ाइल)
भिवंडी में गोदाम ढहने से दो लोगों की मौत (फ़ाइल)


महाराष्ट्र: ठाणे जिले के भिवंडी में शनिवार को दो मंजिला गोदाम ढहने के कारण दो लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। मलबे में 10-15 लोगों के फंसे होने की आशंका है। नगर निकाय के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

ठाणे नगर निगम (टीएमसी) के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख अविनाश सावंत ने बताया कि वर्धमान कंपाउंड में दो मंजिला इमारत अपराह्न करीब पौने दो बजे ढह गई। उन्होंने कहा कि मलबे से दो शव निकाले गए।

अधिकारी ने कहा कि मनकोली के वालपाड़ा इलाके में घटनास्थल पर बचाव और राहत अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की दो टीम और राज्य आपदा मोचन बल की एक टीम एवं दमकलकर्मियों समेत विभिन्न एजेंसियों के कर्मी बचाव अभियान में जुटे हैं।

सावंत ने कहा कि मृतकों में 40 वर्षीय एक पुरुष और 26 वर्षीय एक महिला शामिल है।

सावंत ने कहा कि इमारत की ऊपरी मंजिल पर चार परिवार रहते थे, जबकि नीचे के तल पर मजदूर काम करते थे। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोदाम दस साल पहले बना था। वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय सांसद तथा केंद्रीय मंत्री कपिल पाटिल घटनास्थल पर पहुंचे।










संबंधित समाचार