संसद में मणिपुर के मुद्दे पर चर्चा को लेकर जानिये क्या बोले केंद्रीय मंत्री, विपक्ष पर लगाये ये आरोप

डीएन ब्यूरो

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने विपक्ष पर महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए करने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को दावा किया कि वे (विपक्षी दल) संसद में माणिपुर के मुद्दे पर चर्चा से भाग रहे हैं। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर


नयी दिल्ली: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने विपक्ष पर महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए करने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को दावा किया कि वे (विपक्षी दल) संसद में माणिपुर के मुद्दे पर चर्चा से भाग रहे हैं।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार ठाकुर ने संसद भवन परिसर में संवाददताओं से कहा कि सरकार मणिपुर की स्थिति पर सदन में चर्चा कराने को तैयार है लेकिन राजस्थान जैसे राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अपराध की ऐसी ही घटनाओं पर भी चर्चा होनी चाहिए।

मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर परेड कराने का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर सामने आया। अधिकारियों ने बताया कि यह वीडियो चार मई का है।

मणिपुर की घटना पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने क्षोभ व्यक्त करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि यह घटना किसी भी सभ्य समाज को शर्मसार करने वाली है और इस क्रूर घटना में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

इस बारे में सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘‘ दुर्भाग्य से, विपक्षी दल इस घटना को राजनीतिक चश्मे से देख रहे हैं और इसका राजनीतिकरण करना चाहते हैं। हमने कहा है कि हम इस पर चर्चा कराने को तैयार हैं लेकिन विपक्ष चर्चा कराने से भाग रहा है।’’

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अपराध की कथित घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी को इस पर भी बोलना चाहिए।

ठाकुर ने कहा, ‘‘ क्या सोनिया गांधी और विपक्ष दूसरे राज्यों में ऐसी ही घटनाओं पर मूकदर्शक बने रहेंगे और केवल एक राज्य (मणिपुर) के लिए ही आंसू बहाएंगे। जब महिलाओं के खिलाफ अपराध की बात आती है तब आप दो राज्यों में भेद कैसे कर सकते हैं। आप (विपक्ष) महिलाओं को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।’’

भाजपा नेता ने दावा किया किया कि कांग्रेस शासित राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की सबसे अधिक घटनाएं होती हैं।










संबंधित समाचार