

8 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना अपना 92वां स्थापना दिवस मना रही है, लेकिन आपने कभी सोचा, यह क्यों मनाया जाता है? हम बता रहे हैं आपको डाइनामाइट न्यूज़ पर
नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना दिवस (Indian Airforce Day) हर साल 8 अक्टूबर को मनाया जाता है। यह दिन भारतीय वायुसेना के गौरवशाली इतिहास (Glorious History) और देश की सुरक्षा में इसके महत्वपूर्ण योगदान का प्रतीक है। 8 अक्टूबर 1932 को भारतीय वायुसेना की स्थापना हुई थी और तब से यह दिन भारतीय सैन्य इतिहास में एक महत्वपूर्ण तिथि के रूप में मान्यता प्राप्त है।
ताकत का प्रदर्शन करती है भारतीय वायुसेना
वायुसेना दिवस का मुख्य उद्देश्य भारतीय वायुसेना की ताकत, संकल्प और सतर्कता को प्रदर्शित करना है। भारतीय वायुसेना ने विभिन्न युद्धों और ऑपरेशनों में अपनी कुशलता और वीरता का परिचय दिया है, जिसमें 1965 और 1971 के युद्ध और 1999 का कारगिल युद्ध शामिल हैं। भारतीय वायुसेना न केवल युद्ध के समय देश की रक्षा करती है, बल्कि आपदा राहत अभियानों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
चेन्नई में आयोजित होगा कार्यक्रम
वायुसेना दिवस के आयोजन में वायुसेना के विभिन्न विमानों और हेलीकॉप्टरों का एयर शो, युद्ध कौशल का प्रदर्शन और परेड शामिल होते हैं। यह कार्यक्रम मुख्य रूप से वायुसेना के गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरबेस में आयोजित किया जाता रहा है। हालांकि, पिछले दो सालों से यह समारोह दिल्ली से बाहर आयोजित किया जा रहा है। साल 2022 और 2023 में क्रमशः चंडीगढ़ और प्रयागराज में समारोह आयोजित किए गए थे। जबकि इस बार वायु सेना दिवस परेड और हवाई प्रदर्शन 8 अक्टूबर को तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में होगा। जहाँ उच्च सैन्य अधिकारी, राजनेता और विदेशी गणमान्य व्यक्ति उपस्थित होंगे।
भारतीय वायुसेना दिवस थीम 2024
वर्ष 2024 में भारतीय वायुसेना अपना 92वां स्थापना दिवस मना रही है। इस साल के वायुसेना दिवस की थीम (Theme) है- भारतीय वायुसेना- सक्षम, सशक्त, आत्मनिर्भर (Bhartiya Vayu Sena - Saksham, Sashakt, Atmanirbhar)। जिसका अर्थ है कि भारतीय वायुसेना किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से सक्षम, सशक्त और आत्मनिर्भर है।
साहस और वीरता को किया जाता है सम्मानित
भारतीय वायुसेना दिवस के अवसर पर भारतीय वायुसेना के अधिकारियों और जवानों को उनके साहस, वीरता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित किया जाता है। उन्हें विभिन्न पदक और सम्मान दिए जाते हैं, जिनमें परम विशिष्ट सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक और युद्ध सेवा पदक शामिल हैं।
विश्व में चौथा स्थान
भारतीय वायु सेना के पास अत्याधुनिक लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर, ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और अन्य आधुनिक तकनीकी उपकरण हैं, जो इसे वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाते हैं। अमेरिका, रूस और चीन के बाद भारतीय वायुसेना विश्व की चौथी सबसे बड़ी और शक्तिशाली वायु सेना है।
अगर आप युवा है और नौकरी की तलाश कर रहे हैं तो आप हमारी 'युवा डाइनामाइट' को विजिट कर सकते हैं।
https://www.yuvadynamite.com/
No related posts found.