Assam Flood: असम में भारी बारिश के बाढ़-भूस्खलन से तबाही, सात लोगों की मौत, दो लाख लोग प्रभावित

डीएन ब्यूरो

देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई क्षेत्र इस समय जहां भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं वहीं असम में भारी बारिश के कारण कई जिले बाढ़ की चपेट में है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट



गुवाहाटी: उत्तर भारत के कई क्षेत्र इस समय जहां भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं वहीं असम में भारी बारिश के कारण कई जिले बाढ़ की चपेट में है। मंगलवार सुबह तक असम में बाढ़ और भूस्खलन से 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कुछ लोग लापता बताये जा रहे हैं।

राज्य के 24 जिलों में करीब दो लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित बताए जा रहे हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार, अकेले कछार जिले में ही 50 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हैं।  

भारी बारिश और भूस्खलन के कारण दीमा हसाओ जिले का हाफलोंग स्टेशन पूरी तरह पानी में डूब गया है। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बाढ़ के पानी के बहाव के कारण स्टेशन पर खड़ीं ट्रेनें भी पटरी से पलट गई हैं। प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर राहत और बचाव के कार्य जारी है। 

असम में लगातार बारिश से आए भूस्खलन के कारण रेल एवं सड़क संपर्क टूट गया है। एक आधिकारिक बुलेटिन में सोमवार को यह जानकारी दी गई।

दीमा हसाओ पर्वतीय जिले का संपर्क देश के शेष हिस्सों से टूट गया है।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के बुलेटिन में बताया गया कि बाढ़ से लगभग 1,97,248 लोग प्रभावित हुए हैं  जिनमें से होजई में 78,157 और कछार में 51,357 लोग प्रभावित हुए हैं।

इस बीच  पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने एक विज्ञप्ति में बताया कि भारी भूस्खलन और लगातार बारिश की वजह से पटरियों पर जलजमाव होने के कारण असम के लुमडिंग-बदरपुर पहाड़ी खंड में दो दिनों से फंसी दो ट्रेनों के लगभग 2800 यात्रियों को निकालने का काम सोमवार को वायु सेना और अन्य एजेंसियों की मदद से पूरा हो गया।

उसने बताया कि कई यात्रियों को वायु सेना द्वारा निकाला गया क्योंकि शनिवार से जारी लगातार बारिश से बचाव अभियान बाधित हुआ था। दो ट्रेनें दीमा हसाओ जिले में एनएफआर के लुमडिंग खंड में फंसी हुई थीं।










संबंधित समाचार