Site icon Hindi Dynamite News

भारतीय वायु सेना की बढ़ेगी ताकत: 15 हजार करोड़ के दांव पर खेलेंगे गौतम अडानी, बनाएंगे फाइटर जेट्स

अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने भारत के एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) प्रोग्राम में अपनी भागीदारी की घोषणा की है। यह पांचवीं पीढ़ी का स्टील्थ लड़ाकू विमान भारत के वायुसेना बेड़े का हिस्सा बनेगा। इसके जरिए भारत आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाएगा।
Post Published By: Mayank Tawer
Published:
भारतीय वायु सेना की बढ़ेगी ताकत: 15 हजार करोड़ के दांव पर खेलेंगे गौतम अडानी, बनाएंगे फाइटर जेट्स

New Delhi: भारत के प्रमुख उद्योगपति गौतम अडानी की कंपनी अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस अब देश के सबसे महत्वपूर्ण रक्षा प्रोजेक्ट्स में से एक में शामिल होगी। कंपनी ने हाल ही में रक्षा मंत्रालय के एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) प्रोग्राम में अपनी भागीदारी की पुष्टि की है। यह प्रोग्राम भारत की प्रमुख पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ लड़ाकू विमान (फाइटर जेट) की परियोजना है। जिसे भारतीय वायु सेना के बेड़े में शामिल किया जाएगा।

Hurun Rich List: अंबानी परिवार सबसे ऊपर, अडानी परिवार टॉप-10 से बाहर; जानिए कौन हैं दूसरे और तीसरे नंबर पर

अडानी डिफेंस के सीईओ आशीष राजवंशी ने बताया कि यह प्रोग्राम अभी शुरुआती चरण में है। जिसमें रुचि पत्र (EoI) 30 सितंबर तक सबमिट किए जाने हैं। AMCA के लिए बोली लगाने की अंतिम तारीख 30 सितंबर है और अडानी डिफेंस ने अपनी रुचि की पुष्टि की है। राजवंशी ने कहा कि यह प्रोजेक्ट एक 10 साल का डेवलपमेंट प्रोग्राम है, जिसके तहत पहला विमान 2034-35 तक भारतीय वायु सेना में शामिल होने की संभावना है। इसके बाद अगर प्रोजेक्ट सफल होता है तो तेज उत्पादन शुरू किया जाएगा।

भारत का सबसे महत्वाकांक्षी लड़ाकू विमान प्रोग्राम

अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस पहले से ही रक्षा और एयरोस्पेस प्रोडक्ट्स की मैन्युफैक्चरिंग में सक्रिय है। जिसमें ड्रोन, एंटी-सबमरीन वॉरफेयर सिस्टम, मिसाइलें, छोटे हथियार, रडार और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम जैसी अत्याधुनिक तकनीकें शामिल हैं। अब AMCA प्रोग्राम के तहत यह कंपनी भारतीय वायु सेना के लिए स्टील्थ लड़ाकू विमानों के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनेगी।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाल ही में AMCA प्रोग्राम को मंजूरी दी थी। इस निर्णय के बाद इस परियोजना में सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों की भागीदारी को मंजूरी दी गई है। सरकार ने इस परियोजना के पहले चरण में करीब 15,000 करोड़ रुपये के खर्च का अनुमान लगाया है। इस कार्यक्रम के तहत एडीए (एरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी) को प्रोटोटाइप डेवलपमेंट, टेस्टिंग और प्रमाणन में प्रमुख भूमिका निभाने के लिए विभिन्न बिजनेस ग्रुप्स को आमंत्रित किया गया है।

Richest Person: अडानी की दौलत में $5.74 बिलियन का उछाल, ब्लूमबर्ग अरबपतियों की लिस्ट में हुई वापसी

AMCA: भारत का 5वीं पीढ़ी का लड़ाकू विमान

AMCA परियोजना रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) के तहत संचालित है और इसे भारतीय एरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी (ADA) द्वारा डिजाइन किया गया है। यह परियोजना भारत का सबसे महत्वाकांक्षी लड़ाकू विमान विकास कार्यक्रम है, जिसे 5वीं पीढ़ी का स्टील्थ बहुउद्देशीय लड़ाकू विमान बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। इस विमान को हवाई, जमीनी हमले और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर मिशन में सक्षम होने के लिए डिजाइन किया गया है।

यह परियोजना भारतीय रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकती है। इसके तहत बनाए गए विमान न केवल युद्ध में रणनीतिक बढ़त प्रदान करेंगे, बल्कि यह रक्षा क्षेत्र में घरेलू निर्माण को भी बढ़ावा देंगे। इस परियोजना से भारतीय सेना को मजबूत करने के साथ-साथ भारतीय रक्षा उद्योग को वैश्विक स्तर पर पहचान मिल सकती है।

भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता की ओर बड़ा कदम

अडानी डिफेंस का इस प्रोग्राम में भाग लेना, भारत की रक्षा उद्योग में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अगर यह प्रोजेक्ट सफल रहता है, तो भारत न केवल अपने लड़ाकू विमान विकसित करेगा, बल्कि वैश्विक स्तर पर रक्षा उपकरणों के प्रमुख आपूर्तिकर्ता के रूप में उभर सकता है। यह परियोजना भारतीय रक्षा क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगी।

Exit mobile version