तीन घंटे में लाखों की चोरी से बदायूं में हड़कंप, कारोबारी का घर साफ

बदायूं के बिसौली नगर में कारोबारी के घर दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी से इलाके में सनसनी फैल गई। चोर लाखों की नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए, पुलिस जांच में जुटी।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 9 June 2026, 10:28 PM IST
google-preferred

Budaun : जिले के बिसौली नगर में चोरी की बड़ी वारदात ने सनसनी फैला दी है। खाटू श्याम कॉलोनी में रहने वाले कारोबारी दंपति के घर को चोरों ने महज तीन घंटे के भीतर निशाना बनाकर लाखों की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात साफ कर दिए। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब परिवार घर लौटा तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था।

वारदात का पूरा घटनाक्रम

जानकारी के मुताबिक बिसौली नगर के खाटू श्याम कॉलोनी निवासी युवा कारोबारी विपिन शर्मा मंगलवार दोपहर अपनी पत्नी के साथ वजीरगंज किसी काम से गए थे। दोपहर करीब 12 बजे घर बंद कर निकले दंपति जब लगभग तीन बजे वापस लौटे तो नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। मुख्य गेट का ताला टूटा पड़ा था और दरवाजा खुला हुआ था। अंदर घुसने पर पहली मंजिल पर रखा सेफ खुला मिला और लॉकर पूरी तरह तोड़ दिया गया था। कमरे में सामान बिखरा हुआ था। जिससे साफ था कि चोरों ने पूरे इत्मीनान से वारदात को अंजाम दिया।

UP Police Exam : बदायूं में ट्रैफिक संभालने निकली पुलिस, लेकिन सामने आई एक बड़ी तैयारी की वजह

पीड़ित का बड़ा दावा

पीड़ित परिवार का कहना है कि चोर घर से करीब 10 तोला सोना और लगभग 9 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। कुछ ही घंटों में इतनी बड़ी चोरी ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों का कहना है कि चोरी से पहले घर की पूरी रेकी की गई थी और बदमाशों को यह अच्छी तरह पता था कि घर खाली है।

पुलिस जांच और आशंका

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि चोरी में किसी स्थानीय गिरोह का हाथ हो सकता है, जिसने पहले से योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।

इलाके में दहशत और आक्रोश

दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही चोर नहीं पकड़े गए तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं।

Location :  Budaun

Published :  9 June 2026, 10:26 PM IST

Advertisement