Sonbhadra: ‘हर घर जल’ योजना पर सवाल, सड़क खोदकर छोड़ी, बूंद-बूंद को तरसे लोग

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'हर घर जल' योजना का लाभ अब तक बीजपुर के निवासियों को नहीं मिल पाया है। योजना के तहत लगभग एक वर्ष पहले बीजपुर बाजार, पुनर्वास प्रथम, मोटर गैराज, राय कॉलोनी और शांति नगर तक पाइपलाइन बिछाने के लिए मुख्य सड़कों को खोदा गया था।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 May 2026, 6:22 PM IST

Sonbhadra: केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'हर घर जल' योजना का लाभ अब तक बीजपुर के निवासियों को नहीं मिल पाया है। योजना के तहत लगभग एक वर्ष पहले बीजपुर बाजार, पुनर्वास प्रथम, मोटर गैराज, राय कॉलोनी और शांति नगर तक पाइपलाइन बिछाने के लिए मुख्य सड़कों को खोदा गया था। पाइप डालने के बाद गड्ढों को ठीक से नहीं भरा गया और सड़क मरम्मत का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। इसके परिणामस्वरूप सड़कें जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

योजना का नाम 'हर घर जल

स्थानीय निवासियों का कहना है कि बरसात के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। कई बाइक सवार फिसलकर चोटिल हो चुके हैं। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए इन रास्तों से गुजरना मुश्किल हो गया है। बीजपुर बाजार निवासी दुकानदार मुख्तार आलम ने बताया कि सड़क खोदे हुए एक वर्ष से अधिक समय बीत गया है, लेकिन न तो सड़क बनी और न ही घरों में पानी पहुंचा। उन्होंने कहा कि योजना का नाम 'हर घर जल' है, लेकिन क्षेत्र में 'हर घर गड्ढा' जैसी स्थिति बन गई है।

Budaun News: कुछ ही मिनटों में राख हो गया पूरा घर… अंदर से आई ऐसी चीख कि कांप उठा गांव

भू-जल स्तर नीचे चले जाने से व्यवस्था प्रभावित

ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा पाइपलाइन डालने के बाद काम अधूरा छोड़ दिया गया है। कई स्थानों पर अब तक घरेलू कनेक्शन भी नहीं दिए गए हैं। करीब 500 से अधिक परिवार इस समस्या से प्रभावित बताए जा रहे हैं। इस बीच, भीषण गर्मी के चलते जल संकट और गहरा गया है। ग्रामीण राम प्रभु गुप्ता, रामायण, इजहार, राजेश, दिनेश, रतन लाल गोंड और हुसैन ने बताया कि क्षेत्र में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। पहले बोरिंग से पानी की आपूर्ति होती थी, लेकिन भू-जल स्तर नीचे चले जाने से वह व्यवस्था प्रभावित हो गई है।

नोएडा में खूनी खेल: घर की छत पर सोते हुए अचानक हुई चाकुओं की बरसात, बीवी की मौत और बाकी पूरे परिवार की हालत नाजुक

बीजपुर में सड़क मरम्मत

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विश्राम सागर गुप्ता ने जानकारी दी कि पंचायत भवन के पास स्थित कुएं से भी मोटर द्वारा पानी सप्लाई किया जा रहा था, लेकिन जल स्तर कम होने से वहां भी समस्या उत्पन्न हो गई है। फिलहाल टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है, लेकिन वह भी पर्याप्त साबित नहीं हो रहा है। वहीं नमामि गंगे परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर प्रमोद कुमार ने कहा कि पाइपलाइन का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। शेष कनेक्शन जल्द पूरे कर टेस्टिंग के बाद जलापूर्ति शुरू की जाएगी। साथ ही बीजपुर में सड़क मरम्मत का कार्य भी शीघ्र शुरू कराने का आश्वासन दिया गया है।

Location :  Sonbhadra

Published :  24 May 2026, 6:22 PM IST