“मम्मी कब आएंगी?” मासूम के सवाल ने रुलाया गांव, शादी की जिद बनी मां की मौत की वजह

बांदा की रहने वाली कौशल्या की हरिद्वार में हत्या कर दी गई। मासूम बेटे का मां को पुकारना लोगों को भावुक कर रहा है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 9 June 2026, 7:56 PM IST

Banda:  उत्तर प्रदेश के बांदा जिले की रहने वाली एक महिला की हत्या की खबर ने न केवल दो राज्यों को झकझोर दिया है, बल्कि एक मासूम बच्चे की बेबसी ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। अपनी मां के लौटने का इंतजार कर रहा छोटा बेटा अब भी घर के दरवाजे पर नजरें टिकाए बैठा है और बार-बार एक ही सवाल पूछ रहा है "मम्मी कब आएंगी?" लेकिन उसे नहीं पता कि उसकी मां अब कभी वापस नहीं आएगी।

प्यार, भरोसा और फिर मौत की साजिश

मृतका कौशल्या लंबे समय से रामप्रकाश उर्फ गोविंदा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। बताया जा रहा है कि कौशल्या अपने रिश्ते को सामाजिक पहचान दिलाने के लिए लगातार शादी का दबाव बना रही थी। यही बात आरोपी को नागवार गुजर रही थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि शादी से बचने के लिए रामप्रकाश ने अपने भाई राकेश और जीजा छेदीलाल के साथ मिलकर एक खौफनाक साजिश रची।

मंदिर दर्शन के बहाने ले गए हरिद्वार

आरोप है कि तीनों ने कौशल्या को चंडी देवी मंदिर घुमाने का झांसा दिया और हरिद्वार लेकर पहुंचे। महिला को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि जिस सफर को वह धार्मिक यात्रा समझ रही है, वह उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। हरिद्वार के एक सुनसान जंगल में पहुंचने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।

बेटे की मासूमियत ने सबको भावुक किया

घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सबसे ज्यादा दर्द उस मासूम बच्चे का है, जो अब भी मां के लौटने की राह देख रहा है। परिजनों के मुताबिक वह बार-बार पूछ रहा है कि उसकी मां कब घर आएगी। उसके इस सवाल ने पूरे गांव और आसपास के लोगों को भावुक कर दिया है।

पुलिस जांच में जुटी

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंध, शादी का दबाव और साजिश के तहत हत्या की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है और मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Banda

Published :  9 June 2026, 7:56 PM IST