UP Election: यूपी में BJP का एक और बड़ा सियासी विकेट गिरा, सपा मजबूती की ओर, योगी सरकार में मंत्री डा. धर्म सिंह सैनी का भी इस्तीफा

डीएन संवाददाता

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में भाजपा के सियासी विकेटों के गिरने का सिलसलिया जारी है। योगी सरकार में आयुष राज्य मंत्री डा. धर्म सिंह सैनी ने भी इस्तीफा दे दिया है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट



लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में भाजपा का सियासी खेल बिगड़ता जा रहा है। सत्ताधारी पार्टी से राजनीतिक विकेटों के गिरने का सिलसिला जारी है। भाजपा से नेताओं की टूट के कारण समाजवादी पार्टी सियासी तौर पर मजबूत होती जा रही है। योगी सरकार में आयुष राज्य मंत्री डा. धर्म सिंह सैनी ने भी आज अपना इस्तीफा दे दिया है। डा. धर्म सिंह सैनी भी समाजवादी पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं।

डाइनामाइट न्यूज के लखनऊ संवाददाता के मुताबिक योगी सरकार में आयुष राज्य मंत्री डा. धर्म सिंह सैनी ने अबसे थोड़ी देर पहले अपना इस्तीफा राजभवन भेजा है। डा. धर्म सिंह सैनी इस समय समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर रहे हैं। वे जल्द ही सपा में शामिल होने का औपचारिक ऐलान करेंगे।

योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफे के साथ ही डा. धर्म सिंह सैनी के इस्तीफे की अटकलें भी लगाई जानी शुरू हो गई थी लेकिन तब उन्होंने एक वीडियो जारी कर खुद के भाजपा में ही होने की बात कर मामले को संदिग्ध बना दिया था। लेकिन अब दो दिन बाद ही डा. धर्म सिंह सैनी ने अपना इस्तीफा राजभवन भेजकर सभी तरह की अटकलों को विराम दे दिया है। 

विधानसभा चुनाव से पहले यूपी की राजनीति में सत्ताधारी भाजपा में बड़ी उठापटक जारी है। अब तक भाजपा के आठ विधायक पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं, जिनमें कुछ कैबिनेट मंत्री भी शामिल है। भाजपा से इस्तीफा देने वाले सपा में शामिल हो रहे है, जिससे साफ है कि चुनाव से पहले अखिलेश यादव की सियासी ताकत लगातार बढ़ती जा रही है।










संबंधित समाचार