Assembly Elections Results: यूपी, उत्तराखंड और गोवा में लौटी भाजपा, किया बहुमत पार, पंजाब में आप की आंधी, जानिये मणिपुर समेत पांचों राज्यों के चुनाव नतीजे

डीएन ब्यूरो

देश के 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती जारी है। चुनाव आयोग के रूझान में भारतीय जनता पार्टी फिर से 3 राज्यों में बहुमत के साथ वापसी करती दिखाई दे रही है। डाइनामाइट न्यूज़ पर देखें ताजा नतीजे



नई दिल्ली: देश के 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव के लिये वोटों की गितनी जारी है। सामने आये रूझानों में तीन राज्यों में भाजपा की सत्ता में वापसी होती दिख रही है।उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और गोवा में भारतीय जनता पार्टी की फिर एक बार सरकार बन रही है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की आंधी ने सभी दलों और दिग्गज नेताओं को बुरी तरह हार और पछाड़ दिया है। मणिपुर में भी भाजपा बहुमत के करीब है।

देश के सबसे बड़े राज्य यूपी में सपा दूसरे नंबर पर है। हालांकि अभी वोटों की गिनती जारी है और चुनाव परिणाम घोषित नहीं हुए हैं। लेकिन चुनाव आयोग से मिले रुझानों में यूपी में भाजपा बहुमत के आंकड़े का पार कर चुकी है। 

उत्तर प्रदेश में लौट रहे योगी 

चुनाव आयोग के ताजा रूझानों के अनुसार उत्तर प्रदेश में 403 विधानसभा सीटों में से 250 से अधिक सीटों पर बढत के साथ भाजपा सबसे आगे चल रही है। यहां भाजपा को सपा से काफी टक्कर मिल रही है। दोपहर 2:15 बजे तक रूझान के अनुसार सपा 122 सीटों के साथ दूसरे नंबर बरकार है। अभी चुनाव नतीजों की घोषणा नहीं हुई है, इसलिये सीटों की हार-जीत का अंतर घट-बढ़ सकता है।

गोरखपुर सदर सीट से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रिकार्ड वोटों के साथ जीत दर्ज की। सीएम योगी को 80510 वोट मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी शुभावती शुक्ला को 28536 वोट मिले। 

उत्तराखंड में भी लौटी भाजपा

उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही थी लेकिन भाजपा ने इस मुकाबले को एकतरफा बना दिया है। चुनाव अयोग से मिले रूझानों में अब तक उत्तराखंड में विधानसभा की 70 सीटों में  से भाजपा 48 सीटों के साथ बढ़त बनाए हुए है। वहीं विपक्षी कांग्रेस के खाते में अभी 18 सीटें हैं।

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत लालकुंआ से बुरी तरह पिछड़ गये। लाल कुंआ सीट से भाजपा के डा. मोहन सिंह बिष्ट ने हरीश रावत को हरा दिया है।

गोवा में भी खिला कमल

गोवा में भी भाजपा फिर एक बार सत्ता तक पहुंच रही है। यहां भाजपा ने रुझानों में बहुमत का आंकड़ा प्राप्त कर लिया है। 

मणिपुर में भाजपा बहुमत के करीब

चुनाव आयोग के रूझानों के मुताबिक मणिपुर में भी भाजपा ही लीड कर रही है। मणिपुर  विधानसभा की 60 में से भाजपा 20 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं कांग्रेस 5 सीटों पर आगे चल रही है। जनता दल के खाते में भी 5 सीटें है।  

पंजाब में आम आदमी पार्टी की आंधी में कई औंधे मुंह गिरे 

पंजाब में आम आदमी पार्टी रिकार्ड जीत दर्ज कर रही है। यहां आप कुल 91 सीटों पर रुझाने में आगे है। आम आदमी पार्टी 91 में से 32 सीटों पर विजयी घोषित हो चुकी है। पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह, कांग्रेस के सीएम फेस चरनजीत सिंह चन्नी और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धु चुनाव हार चुके हैं। 










संबंधित समाचार