हिंदी
नोएडा की ट्विशा शर्मा मौत मामले में आज बड़ा दिन (Img: Google)
Noida Desk: नोएडा की रहने वाली 33 वर्षीय मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। अब इस हाई-प्रोफाइल केस में आज रविवार को बड़ा घटनाक्रम होने जा रहा है। दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी एम्स की विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम भोपाल पहुंच चुकी है, जहां ट्विशा शर्मा के शव का दूसरा पोस्टमार्टम किया जाएगा। इस पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी, जिससे जांच में किसी तरह की कोई कमी न रहे।
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के निर्देश के बाद एम्स दिल्ली ने चार सदस्यीय मेडिकल बोर्ड गठित किया है। यह टीम भोपाल एम्स में ट्विशा शर्मा का विस्तृत दूसरा पोस्टमार्टम करेगी। माना जा रहा है कि इस मेडिकल जांच से मौत की असली वजह सामने आ सकती है।
ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके स्थित अपने ससुराल में फांसी के फंदे पर लटकी मिली थी। उनकी शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी। घटना के बाद परिवार ने दहेज उत्पीड़न और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे।
इस मामले ने अब राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा कानूनी मोड़ ले लिया है। सुप्रीम कोर्ट ने ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में स्वतः संज्ञान लिया है। सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर अपलोड जानकारी के मुताबिक अदालत ने मीडिया रिपोर्ट्स और मामले से जुड़ी परिस्थितियों को देखते हुए स्वतः संज्ञान लिया।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जोयमाल्य बागची और जस्टिस विपुल एम पंचोली की पीठ सोमवार 25 मई को इस मामले की सुनवाई करेगी। केस का शीर्षक रखा गया है- “एक युवती की उसके ससुराल में अप्राकृतिक मृत्यु में कथित संस्थागत पूर्वाग्रह और प्रक्रियात्मक अनियमितताएं।”
ट्विशा शर्मा की मौत के बाद उनके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया था। गिरिबाला सिंह पूर्व जिला जज रह चुकी हैं और वर्तमान में भोपाल जिला उपभोक्ता न्यायालय की अध्यक्ष हैं।
समर्थ सिंह FIR दर्ज होने के बाद करीब 10 दिनों तक फरार रहा। शुक्रवार शाम वह जबलपुर जिला अदालत में आत्मसमर्पण करने पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय अदालत ने उसे सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। वहीं गिरिबाला सिंह का कहना है कि पुलिस ने अब तक उनका बयान दर्ज नहीं किया है।
स्मार्टफोन ओवरहीटिंग से बैटरी फूलने और बंद होने का खतरा, जानें गर्मी में डिवाइस कैसे रखें सुरक्षित
मध्य प्रदेश सरकार ने मामले की CBI जांच की सिफारिश भी कर दी है। ट्विशा शर्मा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए जल्द से जल्द CBI को जांच शुरू करनी चाहिए। फिलहाल पूरे देश की नजर आज होने वाले दूसरे पोस्टमार्टम और सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर टिकी हुई है।
Location : Noida
Published : 24 May 2026, 12:06 PM IST
Topics : AIIMS Delhi team Bhopal Greater Noida murder case Greator Noida Murder Case second postmortem AIIMS Twisha Sharma death case