कानपुर में 1.27 करोड़ की साइबर ठगी का मास्टरमाइंड मेराज गिरफ्तार

कानपुर में 1.27 करोड़ की साइबर ठगी मामले में मास्टरमाइंड मेराज अहमद को पुलिस ने महाराष्ट्र के पालघर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ठगी के 54 लाख रुपये से नोएडा में सोना खरीदा था। पुलिस ने दो मोबाइल, सिम कार्ड बरामद कर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 May 2026, 2:23 PM IST

Kanpur: कानपुर में ट्रांसपोर्टर से हुई 1.27 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के मुख्य आरोपी मेराज अहमद को महाराष्ट्र के पालघर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसे ट्रांजिट रिमांड पर कानपुर लाकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

ट्रांसपोर्टर से हुई थी बड़ी साइबर ठगी

यह मामला नजीराबाद थाना क्षेत्र के आरके नगर, अशोक नगर निवासी ट्रांसपोर्टर मोकम सिंह से जुड़ा है। अगस्त 2025 में उनसे 1.27 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की गई थी। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की थी और धीरे-धीरे इस साइबर फ्रॉड नेटवर्क का खुलासा होने लगा।

पहले भी हो चुकी थी गिरफ्तारी

इस मामले में पुलिस ने इससे पहले भी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी अरशद अंसारी को मार्च 2026 में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हालांकि मुख्य आरोपी लगातार फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी हुई थीं।

पालघर से पकड़ा गया मास्टरमाइंड मेराज

लंबी तलाश के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी मेराज अहमद को महाराष्ट्र के पालघर से दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे कानपुर लाया गया है और पूछताछ जारी है। पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड और एक काला बैग बरामद किया है, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है।

ठगी के पैसों का हुआ बड़ा खुलासा

पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी की रकम में से करीब 70 लाख रुपये को पहले ही फ्रीज कर दिया गया था। वहीं 54 लाख रुपये से नोएडा में सोना खरीदा गया था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने यह रकम अमर तिवारी नाम के व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर की थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

महंगाई की फिर मार! कानपुर में पेट्रोल-डीजल के दाम फिर बढ़े, पंप संचालकों में नाराजगी

पुलिस कर रही आगे की जांच

पुलिस उपायुक्त क्राइम श्रवण कुमार सिंह के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस साइबर ठगी के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी संभव है।

Location :  Kanpur

Published :  24 May 2026, 2:23 PM IST