हिंदी
शादी की खुशी मातम में बदली (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: एक शादी समारोह में शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि एक युवक की जान चली गई। डीजे पर नाच-गाने और दावत के माहौल के बीच प्लेट गिरने को लेकर हुए झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया और मारपीट में एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार शाहपुर थाना क्षेत्र में 8 मई 2026 को एक शादी समारोह आयोजित था, जहां बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान भोजन करते समय प्लेट गिर जाने की बात को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। पहले तो लोगों ने मामले को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ता चला गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने एक युवक को घेरकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण युवक की हालत बिगड़ गई। परिजन और स्थानीय लोग उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलने पर शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कन्हैया उर्फ कृष्णा पुत्र लालबाबू, निवासी राहुल नगर टावर के पास झरना टोला, थाना एम्स, गोरखपुर को गिरफ्तार कर लिया।
UP Crime: शारीरिक संबंध बना लो, बेटा ठीक हो जाएगा…देवरिया में तांत्रिक की शर्मनाक करतूत
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध मु0अ0सं0 200/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ता आक्रोश किस तरह जानलेवा साबित हो रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 9 June 2026, 8:23 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News up crime UP News UP Police